
*विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग हुई साकार-गौतम का संकल्प होगा साकार*
*केकड़ी.10 जुलाई (पोलिटिकल ब्यूरो रिपोर्ट )*
*केकड़ी के विकास के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को केकड़ी पहुंचकर क्षेत्र को 800 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे बहुप्रतीक्षित 1268 करोड़ रुपये की नसीराबाद–देवली वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण (देवली–केकड़ी) का शिलान्यास करेंगे।*
*इसके साथ ही करोड़ों रुपये के अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जबकि पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है।*
*इस दौरे को क्षेत्र के विकास की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। लंबे समय से फोरलेन सड़क की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत रहे विधायक शत्रुघ्न गौतम की पहल और राज्य सरकार के सकारात्मक निर्णय के बाद अब यह महत्वाकांक्षी परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है। राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर लगातार की गई पैरवी का परिणाम है कि वर्षों से लंबित यह परियोजना अब साकार होने जा रही है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, उद्योग, कृषि और निवेश की संभावनाओं को भी नई गति मिलेगी।*
*विधायक गौतम नें विधायक का चुनाव जीतते ही जो संकल्प लिया था वह शनिवार को केकड़ी की धरा पर मूर्त रूप लेकर केकड़ी के विकास की कड़ी मे स्वरणाक्षरों मे अंकित होकर एक नई मिशाल पेश करेगा l*
*विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि 1268 करोड़ रुपये की लागत वाली नसीराबाद–देवली फोरलेन परियोजना तीन चरणों में विकसित होगी। पहले चरण में देवली से केकड़ी तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, दूसरे चरण में केकड़ी से सरवाड़ तक मार्ग विकसित होगा तथा तीसरे चरण में केकड़ी फोरलेन रिंग रोड बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री शनिवार को प्रथम चरण के तहत 575 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्य का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान 57 करोड़ रुपये की लागत से सिंहावल से डबरेला तक बनने वाली डामर सड़क, 15 करोड़ रुपये की नगर पालिका के विभिन्न विकास योजनाओं सहित कुल 800 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वहीं 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय महाविद्यालय भवन, 20 करोड़ रुपये की विभिन्न लिंक सड़कों तथा 39 करोड़ रुपये की केकड़ी–रामथला सड़क उन्नयन परियोजना सहित कुल 69 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। विधायक गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मालपुरा–केकड़ी स्टेट हाईवे के लिए 31 करोड़ रुपये, केकड़ी–शाहपुरा मार्ग के लिए 31 करोड़ रुपये तथा* *शाहपुरा–भीलवाड़ा मार्ग के लिए 98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।* *इसके अतिरिक्त पिछले तीन वर्षों में ग्रामीण एवं शहरी सड़कों के विकास के लिए लगभग 450 करोड़ रुपये की स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में केकड़ी का सड़क नेटवर्क पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने बताया कि चारभुजानाथ मंदिर के समीप बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुई है, जिसके प्रथम चरण में 10 करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो चुके हैं। इसके अलावा 37 वर्षों बाद केकड़ी रोडवेज डिपो की शुरुआत और* *आरएसआरडीसी प्रोजेक्ट कार्यालय खुलने से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिली है।* *मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिला कलक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने अधिकारियों के साथ हेलीपैड, सभा स्थल और पूरे रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, छाया, मंच तथा वीआईपी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।*
*निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से अजमेर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय के मैदान में बने हेलीपेड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे जयपुर रोड स्थित कृषि उपज मंडी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।* *मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।* *कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां की गई हैं। पूरे शहर में स्वागत द्वार, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं तथा प्रमुख मार्गों को आकर्षक सजावट से संवारा गया है।*
*फोरलेन परियोजना, नई सड़कें, अस्पताल, रोडवेज डिपो, तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों के साथ आज का दिन केकड़ी के विकास इतिहास में एक नए अध्याय के रूप में दर्ज होने जा रहा है।*
*


केकड़ी.कृषि उपज मंडी में सभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते विधायक शत्रुघ्न गौतम।*









